बिहार-झारखण्‍डराज्य

24 साल पुरानी रोहिणी आचार्य की शाही शादी के किस्से, पटना में मची थी अफरातफरी, उठाई गईं 50 कारें

पटना
 बिहार में इन दिनों मोकामा के विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी काफी सुर्खियों में है। इसी बहाने लोग राज्य की उन पुरानी और आलीशान शादियों को भी याद कर रहे हैं, जो कभी सत्ता और रसूख की प्रतीक मानी जाती थीं। बिहार की आलीशान शादियों की बात हो और राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटियों की शादियों की बात न है ऐसा हो ही नहीं सकता है। लालू यादव ने अपनी सभी बेटियों की शादी की बड़े ही धूमधाम से की थी।

उनकी दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य की शादी 2002 में हुई थी। इस दौरान पूरा पटना रुक गया था। जब भी रोहिणी आचार्य की शादी का जिक्र होता है लोगों के मन में उस दौर में इस शादी के लिए हुए गुंडागर्दी और दबंगई की यादें ताजा हो जाती है। रोहिणी आचार्य की शादी के बारे में मृत्युंजय शर्मा की किताब ब्रोकन प्रॉमिसेज़: बिहार में जाति, अपराध और राजनीति विस्तार से बताया गया है कि कैसे शादी के लिए पटना की सड़कों पर उत्पात मचाया गया था।

शो रूम से पचास नई कारें उठा ले गए
मृत्युंजय शर्मा अपनी किताब के 203 वें पन्ने पर लिखते है कि रोहिणी की शादी मंबई में पदस्थ वरिष्ठ आयकर अधिकारी राव रणविजय सिंह के बेटे से तय हई थी। शादी की भव्यता और अतिशयता को छोड़ भी दें तो शादी से पहले ही पटना के व्यवसायी समुदाय के बीच अफरा-तफरी मच गई।

इस शादी के लिए लालू के समर्थक पटना की सड़कों पर उत्पात मचाते रहे और मेहमानों को लाने-ले जाने के लिए शो रूम से पचास नई कारें उठा ले गए।

कारों के लिए पेट्रोल भी उधार में लिया
शहर के बोरिंग रोड स्थित एक मारुति शोरूम मालिक ने बताया कि उसने पांच कारें स्वेच्छा से दी थीं, लेकिन एसी युक्त अल्टो और वैगन-आर की दस और नई कारें जबरदस्ती ले ली गई। इन कारों के लिए पेट्रोल तक उधार में लिया गया। पुलिस इस गुंडागर्दी की मूक दर्शक बनी रही और कुछ मामलों में तो उपद्रवियों का सहयोग करती दिखी।

सौ नए सोफा सेट और आलीशान कुर्सियां उठवा लीं
हालांकि उत्पात केवल कारों तक सीमित नहीं रहा। राबड़ी देवी के एक भाई ने कथित तौर पर शादी के पंडाल में सजावट के लिए विभिन्न दुकानों से सौ नए सोफा सेट और आलीशान कुर्सियां उठवा लीं। यह पंडाल मुंबई के ताजमहल पैलेस होटल के मॉडल के रूप में बनाया गया था।

इस दौरान केवल फूल विक्रेता ही कुछ हद तक राहत की सांस ले सके, क्योंकि फूलों को बैंकॉक, कोलकाता, दिल्ली और अन्य स्थानों से मंगाया गया था। इस वाकये की सबसे बड़ी विडंबना यह थी कि रोहिणी के ससुर स्वयं आयकर आयुक्त थे।

सुरक्षा के लिए 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती
अपनी किताब में मृत्युंजय शर्मा लिखते हैं कि लालू यादव को खुश करने की होड़ में राज्य सरकार के अधिकारी भी पीछे नहीं रहे। जिस साधारण गांव से दूल्हा ताल्लुक रखता था, उसे आनन-फानन में बिजली, टेलीफोन लाइन और सड़क से जोड़ दिया गया।

राज्य विद्युत बोर्ड को इससे पच्चीस लाख रुपये से अधिक की ट्रांसमिशन की हानि उठानी पड़ी। पूरे समारोह की सुरक्षा के लिए 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिनमें स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवान और कमांडो भी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button