बिहार में बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे का रूट फाइनल, 13 जिलों से गुजरेगा 6 लेन हाईवे

पटना
बिहार में बक्सर से भागलपुर के बीच बनने वाला एक्सप्रेसवे 13 जिलों से गुजरेगा। सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक में बक्सर-भागलपुर द्रुतगामी राजमार्ग का विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने और प्रोजेक्ट के लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवा लेने के लिए 66 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी गई। इससे बिहार के एक महत्वाकांक्षी एक्सप्रेसवे के बनने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। लगभग 336 किलोमीटर लंबे बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे को 6 लेन रोड बनाया जाएगा, जिसमें प्रवेश और निकास के रास्ते कई जिलों में होंगे। बक्सर से भागलपुर के बीच में यह एक्सप्रेसवे बक्सर से भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर, बांका होते हुए भागलपुर तक जाएगा। इसे आगे रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- ‘बक्सर-भागलपुर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे से बिहार की कनेक्टिविटी और विकास को मिलेगी नई गति! हमारी सरकार ने बक्सर-भागलपुर 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने एवं विशेषज्ञ सलाहकारों की सेवाएं लेने के लिए ₹66.58 करोड़ की स्वीकृति दी है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से एक्सप्रेस-वे के निर्माण की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। यह एक्सप्रेस-वे बक्सर से अरवल, जहानाबाद, राजगीर, सिकंदरा और मुंगेर के भीमबांध के निकट से होते हुए भागलपुर पहुंचेगा तथा आगे प्रस्तावित रक्सौल-हल्दिया हाईवे से जुड़ेगा। इसके निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार और क्षेत्रीय विकास के नए अवसर सृजित होंगे।’
बिहार में इस समय कोई एकप्रेसवे नहीं है, लेकिन बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे के अलावा रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे, वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट पर काम अलग-अलग चरण में चल रहा है। बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे चालू हैं। दिल्ली-एनसीआर से सड़क मार्ग से बिहार आने वाले यात्रियों को बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे बनने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से यूपी के गाजीपुर जिले की सीमा में उतरने के बाद आगे के सफर में आसानी होगी।
एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों की रफ्तार बढ़ जाती है। एक तो एक्सप्रेसवे पर कार-जीप वगैरह की स्पीड लिमिट 100 या 120 किलोमीटर प्रति घंटा होती है, जो सामान्य हाइवे पर 60 और 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक होती है। इससे गाड़ी तेज चलाने की सुविधा मिलती है। ऊपर से एक्सप्रेसवे पर एंट्री और एग्जिट के रास्ते तय होते हैं और बाकी पूरे रास्ते की घेराबंदी कर दी जाती है। ऑटो, रिक्शा या धीमी गति से चलने वाले वाहनों की एक्सप्रेसवे पर एंट्री मना होती है। पैदल यात्रियों या बाइक सवारों का सामान्य ट्रैफिक भी नहीं होता है। घेराबंदी से आवारा पशु के आने का खतरा नहीं होता है। यह सब मिलकर ड्राइवर को सुरक्षा की भावना के साथ गाड़ी को तेज भगाने में मदद करते हैं।



